अस्पताल से उलूक कुछ लेकर उड़ा है शिशुओं के हृदयरोग विशेषज्ञ सघन चिकित्साकक्ष के अतिशीतल अंधकार से बाहर धूप में आकर आपको अच्छा तो अनुभव होता है? शिशुओं के शव शिशुओं जितने ही सुंदर है या रक्तप्रवाह अवरुद्ध हो जाने के कारण त्वचा पर जगह जगह बैंगनी पुष्प खिल गए है वर्षा में कृष्णकमल से?
धूप ने सबसे अधिक प्रेम किया वातानुकूलित प्रसूतिगृह में मृतशिशुओं के रखे जाने वाले बहुत शीतल कमरे से बाहर निकलने पर। युवा पिताओं को पहली बार अनुभव हुआ धूप से जीवन होता है और माँओं का क्या हुआ? उन्हें ले गए उनके मृतशिशुओं के युवापिता। धूप की खोज में। उन युवा माँओं के गर्भाशय खुले हुए थे, कोमल किंतु ऊष्ण; कौओं के घोंसलों की तरह मज़बूत। उन्हें अभी बहुत शिशुओं को जन्म देना था।








