साँस में साँस थी उसकी
इसी ऊर्जा से जीवन चलता रहा
वह नींद और रात को मुलायम बनाकर
बेतरतीब सपनों की सिलाई करती रही
मैं उसकी ओढ़नी के फूलों में
इस तरह लिपटा रहा
जैसे अधखिले फूल पर ओस सोई है
हाथ में हाथ था उसका
इसी विश्वास पर पैर चलते रहे
एक पल तुम जियो
एक पल मैं जीती हूँ
दो पल की ज़िंदगी को साथ जीते हुए
दिन-रात कटते रहे...








