हमने पानी के अर्थ में पानी को
हवा के अर्थ में हवा को नहीं समझा
हमारे पूर्वजों की आस्था पेड़ों में थी
वे नहीं जानते थे ईश्वरों को
लेकिन जानते थे हवा और पानी को
इसलिए बाबा पेड़ लगाते
दादी पीपल पूजती रही
हमने मृत्यु के अर्थ में मृत्यु को
जीवन के अर्थ में जीवन को नहीं समझा
हमारे पूर्वजों की आस्था पंछियों में थी
वे नहीं जानते थे हत्या को
लेकिन जानते थे उन्मुक्त उड़ानों को
इसलिए पिता अन्न उगाते रहे
माँ दाना डालती रही








