बहुत पुरानी खाट पर
पिता की नींद इस तरह चिपकी है
जैसे नंगी पीठ पर करवट उघड़ आती है
बेटी के ब्याह की चिंता में
बेटे की नौकरी चिंता में
ज़मीन, फ़सल और बाड़े में बँधे पशुओं की चिंता में
रोज़ नींद टूट जाती है
वह जीवन भर दुखों की ज़मीन पर हँसते रहे
मैं देखता रहा
फिर वह बंडी और लाठी लेकर चले जाते हैं
खेतो में काम की चिंता में
बाड़े में भैंस-बैलों की ओर
और मैं देखता हूँ
एक दिन खाट से उठकर लेट गए
मैं नही देख पाया साँसों को जाते हुए
अब मैं देखता हूँ खाट को...
घोर-अँधेरी रात में
पिता बैठे हुए नज़र आते है।








