जुलाई में होती है बारिश
जुलाई में बोए हैं बीज
जुलाई में खुलते हैं स्कूल
जुलाई में जन्मे हैं गाँव के लड़के
कुछ लड़कियाँ भी जुलाई में जन्मी हैं
जो स्कूल नहीं गए
उनके जन्मदिन का सही अता-पता करना मुश्किल है
वे आधार कार्ड में लिखा देते है अपनी उम्र
फ़सल की तरह जन्मा हूँ मैं
सात भाई-बहनों को याद करते हुए कहते हैं पिता
पिता ने मेरे जन्म की तारीख़
ज्वार-बाजरा और सरसों के आधार पर तय की
अगले संवत में जोरकी1 सरसों हुई
पिछले संवत में तालाब फूटा था
माट्साब या छोरो तो अकाल की साल में पैदा हुआ
अब आप ही लिख दो तारीख़...
मौसम की तरह आया हूँ मैं
चैत्र से फ़ाल्गुन तक के महीनों को याद करती हुई कहती है माँ :
'भुरया से दो साल छोटा, लोहड़ी से नौ महिनें बड़ा है तू...'
अब मेरे जन्म का दिन कोई नहीं जानता
मृत्यु का अर्थ जीवन
जन्म का अर्थ सिर्फ़ मृत्यु जानती है








