अपने नाम से बहुत लगाव नहीं रहा कभी
ठीक-ठीक नहीं जानता
कि क्यों एक नाराज़गी-सी होती है
मेरा नाम रखने वालों से
अभी अपना नाम लेता हूँ तो अजीब लगता है :
अमन! त्रिपाठी!
याद है एक अध्यापक की बात
कक्षा में एक और लड़का था इसी नाम का
अध्यापक ने कहा :
ये कैसा नाम है
हिंदू की औलाद हो, पता कैसे चलेगा!
उस दिन
अपने नाम से तो वितृष्णा नहीं हुई
लेकिन नामों से और नाम रखे जाने की मजबूरियों से चिढ़ हुई
यह भी सुना शुरू से
कि प्रभाव व्यक्तित्व पर नाम का भी पड़ता है
इसके पीछे कैसा विज्ञान, नहीं जान पाया
अक्सर देखे आदर्शवान नामधारियों के शर्मनाक नाम-विपरीत कृत्य
और ख़त्म होता गया इतना लगाव भी
नाम उपकरण था अब अमुक को बुलाने का
लेकिन जब मैंने पुकारा किसी को
बहुत कम हुआ कि जिसे मैं पुकार रहा था
वह आया हो उसी तरह
जैसा मैंने उसे बुलाया था








