कपड़े के जूते

आलोकधन्वाआलोकधन्वा2 Sept 1948

3 min read · 12.4K reads

रेल की चमकती हुई पटरियों के किनारे

वे कपड़े के पुराने जूते हैं

एक आदमी उन्हें छोड़कर चला गया

और एक ही क़दम बाद अदृश्य‍ हो गया

क्योंकि जूतों की दुनिया है सिर्फ़ एक क़दम की

उस ओर से गुज़र रहे राहगीर का

एक क़दम पीछा करते हुए

वे कपड़े के पुराने जूते हैं

उनके भीतर बारिश का पानी ठहर गया है

हवा तेज़ चलने से बारिश का पानी पैर की तरह हिलता है

लगातार भीगते हुए वे जूते फफूँद से ढँक गए हैं

और ज़मीन की सबसे बारीक सतह पर तो

वे जूते अँकुर भी रहे हैं

मैं सोच सकता ही हूँ कि

कितनी बार खेल के निर्णायक क्षणों में

ये जूते सूर्य की तरह गर्म हुए होंगे!

इन जूतों के भीतर धूल और पहाड़ों से भरे

रास्ते बिखरे हुए हैं—

आवाज़ों और मैदानों के भटक गए छोर इन्हें टिकने दे रहे हैं

आवाज़ों और मैदानों के भटक गए छोर—

जो आदमी की ज़रूरतों से बाहर रह गए!

इन जूतों के भीतर कितनी बार

आवारा सैलानियों की आत्माएँ पैरों के सहारे

नीचे उतरी होंगी—

महीनों लगातार रही होंगी इन जूतों के भीतर

आत्माएँ—

छतों और राज्यों से बाहर—

समुद्र तल से कितना ऊपर!

कपड़े के ये जूते

सिगरेट और रूमाल की तरह मुलायम

सिगरेट और रूमाल की ही तरह हवाओं से भरे

घोंसलों की तरह बुने हुए—

ये जूते दुनिया में हत्या और बलात्कार जैसी

ठोस चीज़ों के विरुद्ध

बहुत तरल हैं

घास और भाषा में मुड़ते हुए

नमक के क़रीब बढ़ते हुए—

और चूहों के लिए तो

कपड़े के ये जूते वर्णमाला की तरह हैं

जहाँ से वे कुतरने की शुरुआत करते हैं

जूतों की दुनिया जहाँ से शुरू हुई होगी—

गड़रिये वहाँ तक ज़रूर आए होंगे!

क्योंकि जूतों के भीतर एक निविड़ता है—

जो नष्ट नहीं की जा सकती

क्योंकि भेड़ों के भीतर एक निविड़ता है आज भी

जहाँ से समुद्र सुनाई पड़ता है

और निवि‍ड़ता एक ऐसी चीज़ है—

जहाँ नींद के बीज सुरक्षित हैं

जूतों की दुनिया जहाँ से शुरू हुई होगी

जानवर वहाँ तक ज़रूर आए होंगे।

जूते—जो प्राचीन हैं

जिस तरह नावें प्राचीन हैं

चाहे उन्हें कल ही क्यों न बनाया गया हो

जैसे फल—

जो जूतों और नावों से भी अधिक प्राचीन हैं

चाहे वे आज की रात ही क्यों न फले हों

जैसे पाल—

जो हमारे कपड़ों से बहुत अधिक प्राचीन दिखते हैं

लेकिन हमारे कपड़े—

जो पालों से बहुत अधिक प्राचीन हैं।

और प्राचीनता एक ऐसी चीज़ है—

जिसे अपने घुटनों में जगह दो

ताकि ये घुटने किसी तानाशाह के आगे न झुक सकें

क्योंकि भय भी एक प्राचीन चीज़ है—

लेकिन हथियार भी उतने ही प्राचीन हैं

और ज़मीन—

जो फल से अधिक प्राचीन है

बीज की तरह प्राचीन—

और ज़मीन पर चलना—

जो इतना आसान काम है

फिर भी ज़मीन पर चल रहे आदमी को देखना

एक प्राचीन दृश्य को देखना है—

ज़मीन पर चलना एक इतना आसान काम है

फिर भी

ज़मीन पर चलने की स्मृति गहन है

रेल की चमकती हुई पटरियों के किनारे

वे अब सिर्फ़ कपड़े के पुराने जूते ही नहीं हैं

बल्कि वे अब

ऐसे धुँधले और ख़तरनाक रास्ते हो चुके हैं—

जिन पर जासूस भी चलने में असमर्थ हैं

लेकिन जब तारे छिटकने लगते हैं

और शाम की टहनियाँ उन पुराने जूतों में भर जाती हैं

तो उन्हीं धुँधले और ख़तरनाक रास्तों पर स्वप्न के

सुदूर चक्के तेज़ घूमते हुए आते हैं और

आदमी की नींद में रोशनी और जड़ें फेंकते हुए

कहाँ-कहाँ फेंक दी गईं ओर छोड़ दी गईं और

बेकार पड़ी चीज़ों को एक

हरियाली की तरह बटोर लाते हैं!

जानवर प्रकृति से आए। और दिन भी।

लेकिन जूते प्रकृति से नहीं आए

जूतों को आदमियों ने बनाया—

जिस तरह बाग़ीचों को आदमियों ने बनाया

इस तरह साथ-साथ चलने के लिए

आदमी ने महान चीज़ें बनाईं

और उन महान चीज़ों में जूते आदमी

के सबसे निकट हैं—

जहाज़ से भी अधिक

सड़कों, रेलों और सीढ़ियों से भी अधिक

कोशिशों और धुनों की तरह

निरंतर प्रवेश चाहते हुए

कपड़े के वे जूते इतने पुराने हो चुके हैं

कोई कह सकता है कि

जहाँ वे जूते हैं वहाँ कोई समय नहीं है—

कपड़े के वे जूते समय से बाहर झूल रहे हैं

मृत्यु भी अब उन जूतों को पहनना नहीं चाहेगी

लेकिन कवि उन्हें पहनते हैं

और शताब्दियाँ पार करते हैं!

आलोकधन्वा
About the poet

आलोकधन्वा

View profile & all 92 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like