बहाने यूँ तो पहले से भी थे आँसू बहाने के - आलोक यादव

आलोक यादवआलोक यादव30 Sept 1967

3 min read · 12.4K reads

बहाने यूँ तो पहले से भी थे आँसू बहाने के
तरीक़े तुमने भी ढूँढ़े मगर हमको रुलाने के

तुम्हे ऐसी भी क्या बेचैनी थी दामन छुड़ाने की
कि पहले ढूँढ़ तो लेते बहाने कुछ ठिकाने के

मैं दिल की बात करता था तुम्हें दुनिया की चाहत थी
तो मुझको छोड़कर भी तुम न हो पाए ज़माने के

हमारे गीत और ग़ज़लों में तुमको ढूँढ़ते हैं सब
न करना फ़िक्र दुनिया को नहीं हम कुछ बताने के

यक़ीं है दिल को एक आवाज़ पर ही लौट आओगे
मगर आलोक अब हरगिज़ नहीं तुमको बुलाने के
आलोक यादव
About the poet

आलोक यादव

View profile & all 32 Poems / Stories