उन सफ़रों के निशान

आलोक श्रीवास्तवआलोक श्रीवास्तव

1 min read · 12.4K reads

उन्हें क्षमा करना

जो आख़िरकार व्यवस्था के दास बन गए

वे लड़े थे

सपने देखे थे उन्होंने

आज भी उनके पाँवों में उन सफ़रों के निशान हैं

जो रात के ढले पहरों में तय होते हैं

उन सूर्यों के बिंब हैं

जो रेगिस्तानों में भरी दुपहरी दमकता है।

साथी, यह समय ही ऐसा है

सोचो तो, साम्राज्यवाद के कारिंदे

भगत सिंह की जय बोलते हैं

मुल्क बेचने वाले

राष्ट्रवाद के नुमाइंदे बनकर

लाल क़िले से चीख़ते हैं

चिढ़ नहीं, यह समझ ज़रूरी है कि

इतिहास में ऐसा वक़्त भी आता है—

गुलामी और पराजय का

जब सपनों के रंग उड़ जाते हैं

और सत्ताएँ ख़रीद लेती हैं

विरोधियों को

इसमें नया कुछ नहीं है

उन पर करुणा करो

जो आज दास बन गए हैं

पर उनके सफ़र किन्हीं और पैरों से जारी हैं।

आलोक श्रीवास्तव
About the poet

आलोक श्रीवास्तव

सुपरिचित कवि-लेखक और संपादक। दस से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। जन्म : 15/08/1968 | मेरठ, उत्तर प्रदेश आलोक श्रीवास्तव (जन्म : 15 अगस्त 1968) का बचपन उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों-क़स्बों में गुज़रा। उन्होंने पहले सात साल ‘धर्मयुग’ में बतौर उपसंपादक क…

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like