ज़िंदगी तो हमेशा कठिन रही है
हाँ, कोई-कोई युग ऐसा भी होता है
पर, इसे बंजर मत कहो
इसके नीचे हमारी हड्डियाँ दफ़न होंगी
हमारे अवसाद और विफलताएँ
हमारा खंडित प्यार
श्रम और सपने
यह हमारा सचमुच का जीवन
कहीं इसकी किन्हीं तहों में समाया होगा
हम मिले
फिर हमेशा को दूर चले गए
हमने सपने देखे
और उन्हें खोया भी
जीवन क्या था—
करुणा के दृश्य और अधूरी यात्राएँ
कभी-कभी
कछारों से आता कोई गीत
किसी आँचल का उड़ता धानी रंग
जीवन के इस महाराग में
तिरोहित हो गए हैं दुख
देखो तो,
यह हमारा प्यार
ये सपने, हमारी मेहनत
पंख लगाए सब चले जाते हैं—
आगामी किन्हीं युगों की ओर
ज़िंदगी मुश्किल ज़रूर थी
पर इसे बंजर मत कहो!








