इतिहास की क्लास में
मास्टर साहब
सबसे ताक़तवर मुल्क
सबसे ताक़तवर आदमी
सबसे ताक़तवर हथियार
पर व्याख्यान दे रहे थे
व्याख्यान में कुछ ऐसे देश थे
जो अपने हथियारों से
समूची दुनिया ख़त्म कर सकते थे
तभी एक बच्ची ने पूछा
इतने बड़े मुल्क
इतनी बड़ी दुनिया में
वो लोग कहाँ हैं
जो मोहब्बत से दुनिया बचा सकते थे?
मास्टर साहब ने
किताब के पन्ने पलटे
ऐसे लोग अनुपस्थित थे
क्यों कि ये लोग
किताबों से बाहर
इतनी बड़ी दुनिया में
महज़ दो इंच ज़मीन की तलाश में
किसी पेड़ पर टाँग दिए गए थे
और इनके प्रेमपत्र कभी नहीं पहुँच सके
मास्टर जी की क्लास तक।








