उस जबीं पर जो बल पड़े शायद

अलमास शबीअलमास शबी

1 min read · 12.4K reads

उस जबीं पर जो बल पड़े शायद

ये कलेजा निकल पड़े शायद

साँस रुकने लगी है सीने में

तुम कहो तो ये चल पड़े शायद

ज़ब्त से लाल हो गईं आँखें

एक चश्मा उबल पड़े शायद

एक बुझता दिया मोहब्बत का

तेरे मिलने से जल पड़े शायद

बात अब जो तुम्हें बतानी है

दिल तुम्हारा उछल पड़े शायद

आँसुओं से धुली हुई आँखें

देख कर वो मचल पड़े शायद

बैठ कर बात क्यूँ नहीं करते

कोई सूरत निकल पड़े शायद

बे-रुख़ी से नहीं करो रुख़्सत

रास्ते में अजल पड़े शायद

अलमास शबी
About the poet

अलमास शबी

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like