ट्रेनिंग

अखिलेश श्रीवास्तवअखिलेश श्रीवास्तव

1 min read · 12.4K reads

दो साल की बिटिया की नाक दबा दी आज सोते में

पाँच सेकंड में अफनाहट चीख़ में बदल गई

लड़कियाँ बिना हवा के ज़िंदा रहना

जितनी जल्दी सीख लें, उतना अच्छा।

किसी अनजान को दिखाकर कहता हूँ, देखो ये आदमी है

पड़ोसी को दिखाकर कहता हूँ,आदमी है

यहाँ तक कि चाचा, मामा, ताऊ को दिखाकर कहता हूँ

ये सब आदमी ही हैं।

कभी-कभी उसे खिलाते हुए ख़ूब दाँत निकालकर

राक्षसी हँसी हँसता हूँ, पलटता हूँ अपनी आँखें।

टॉफ़ी के रैपर में कोई खट्टा चूरन बाँधता हूँ

और देखता हूँ उसका थू-थू करना।

अपने गाल दिखाकर उसे पप्पी लेने को नहीं कहता

कहता हूँ गाल पर झापड़ मारने को।

टॉफ़ी, हँसी, प्यारी-सी पप्पी सबके ख़िलाफ़ खड़ा कर रहा हूँ उसे

तुम्हारी हर चाल नाकाम कर उसे बचा ले जाऊँगा।

अखिलेश श्रीवास्तव
About the poet

अखिलेश श्रीवास्तव

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like