इस बार

अखिलेश श्रीवास्तवअखिलेश श्रीवास्तव

1 min read · 12.4K reads

इस बार साझा हो गई है संस्कृतियाँ

जब साझा लिख रहा हूँ तो भी एक ठक्क हुई है मन में

कि अलग कब थे

इस बार सालों बाद उतरे एक साथ सड़क पर

तख़्तियाँ लिए हाथों में

इंक़लाब ज़िंदाबाद के नारे के साथ

पत्थर फेंके, लाठियाँ खाईं, जेल गए

बरसों बाद तुम भी उतने ही भाई हुए

जितने है सिख-ईसाई

मुझे मालूम है तुम अपने हो

आगे रिश्ते की औपचारिकता, उसकी दुनियादारी निभाना

मुझे भी जवाब देना पड़ता है घर में

जब लौटता हूँ फूटा सिर लिए हुए

अब कश्मीर सहित कहीं भी शरणार्थी शिविर बने

तो उतर आना सड़क पर कि कहीं नहीं जाएँगे बड़े भाई

कोई मंदिर टूटता दिखे तो

पत्थर लेकर दौड़ा लेना आक्रांताओं को

दौड़कर रामायण को वैसे ही अपनी सदरी में छुपा लेना

जैसे क़ुरान हो।

इतना डटकर खड़े रहना साथ में

कि अतीत की नफ़रत के सारे क़िस्से ख़त्म हो जाएँ

प्रेम की ऐसी चादर बिछाना कि

नादिर, गज़नी के क़िस्से जो आज तक घूम रहे है गली-चौराहों पर

हमेशा के लिए दफ़न हो जाएँ

बस इतना करो

राजनीति कान पकड़ लेगी

अनपढ़ रह लेगी पर

ह से हिंदू

म से मुस्लिम

का ककहरा न पढ़ेगी।

अखिलेश श्रीवास्तव
About the poet

अखिलेश श्रीवास्तव

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like