कविता में जब प्रेम बरसाता हूँ
बिना तुम्हारा नाम लिए
शब्दों के बीच कहीं रख देता हूँ
तुम्हारा कहा कोई शब्द
तो भले ही शिल्प बिगड़ता हो
पर उस कविता से भीनी ख़ुशबू आती है
जैसे तुम्हारी दी हुई मोरपंखी
खोल ली हो रात-बिरात
तुम्हें ही छुपाकर रखता हूँ कविता में
जब धूप होती है
बारिश लिख देता हूँ
तुम्हें भीगते हुए देखता रहता हूँ कविता के भीतर ही
कई कविताओं की पहली पंक्ति में बैठकी है तुम्हारी
जबकि मैं कहीं अंतिम पूर्णविराम के पास टँगा हुआ
टुकुर-टुकुर ताकता रहता हूँ तुम्हें
मैं कई बार रचता हूँ एक दुनिया
जिसमें मैं हूँ और साथ में तुम भी हो
एक पगडंडी है
साथ चलने के हज़ार बहाने हैं
दूर जाने का एक भी नहीं
ज़िंदगी से शिकायत है
ख़ुद से बहुत ज़्यादा और थोड़ी बहुत दुनिया से भी
कपाट बंद कर लेता हूँ
तीनों बाहर खड़े रह जाते हैं
और मैं इस पार उतर आता हूँ कविता में
यह सोमवार भी तुम्हारे साथ बीता।








