मैं भूक रहा हूँ
लोग लुहा रहे हैं
इन लोगों ने कभी कौरा तक नहीं दिया
फेंका तक नहीं एक टुकड़ा
अपने जेवनार से बचाकर
बस मैं भूक रहा हूँ
और ये ख़ुश हैं
ये मुझे लुहा रहे हैं
लुहाने की भाषा में
आग में कूद जाने
कुएँ में फाँद जाने
जो इन्हें भी अथाह है उस संभावित काल में
डुबकी लगाने की चाह है
मैं रपट गया और
नुचा-चुथा घायल, अगर बचा तो
कोई नहीं आएगा रिसते घावों पर तेल लगाने
सब फिर हथौड़ी पीटेंगे
और ये जान जाएँगे
कि मुझे लुहाया जा सकता है।








