नाता-रिश्ता-2 - अज्ञेय

अज्ञेयअज्ञेय7 Sept 1911 – 4 Sept 1987

4 min read · 12.4K reads

     तो यों, इस लिए
     यहीं अकेले में
     बिना शब्दों के
     मेरे इस हठी गीत को जागने दो, गूँजने दो
     मौन में लय हो जाने दो :
     यहीं जहाँ कोई देखता-सुनता नहीं
     केवल मरु का रेत-लदा झोंका
     डँसता है और फिर एक किरकिरी
     हँसी हँसता बढ़ जाता है-
     यहीं जहाँ रवि तपता है
     और अपनी ही तपन से जनी धूल-कनी की
     यवनिका में झपता है-
     यहाँ जहाँ सब कुछ दीखता है
     पर सब रंग सोख लिये गये हैं
     इस लिए हर कोई सीखता है कि
     सब कुछ अन्धा है।
     जहाँ सब कुछ साँय-साँय गूँजता है
     और निरे शोर में संयत स्वर धोखे से
     लड़खड़ा कर झड़ जाता है।
अज्ञेय
About the poet

अज्ञेय

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like