मुन्नी के सपनों में

अजीत रायज़ादाअजीत रायज़ादा17 Aug 1947

1 min read · 12.4K reads

भूख की काली गुफा में

सिहरे, सहमे

बिलबिलाते बचपन को

बादल का लिहाफ़ ओढ़े

सर्द हवा सुनाती

रोटी की लोरी।

ढूँढ़ता है

चिथड़ों में लिपटा मुन्ना

गाँव के घूरे पर

गीतों में पाया जाने वाला

चाँदी का पलना

और रेशम की डोरी।

मुन्नी के सपनों में

कभी नहीं आता

सफ़ेद घोड़े पर राजकुमार

उसको ब्याहने

बल्कि

आसमान की मढ़ैया तले

रहने वाला

गाँव का बूढ़ा पागल बाबा

रख जाता है चुपचाप

दूध की कटोरी।

अजीत रायज़ादा
About the poet

अजीत रायज़ादा

सुपरिचित कवि-लेखक और प्रशासनिक अधिकारी। एक से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। 'हाशिए पर आदमी' उल्लेखनीय कविता-संग्रह। मूल नाम : अजीत रायज़ादा जन्म : 17/08/1947 | सीतापुर, उत्तर प्रदेश अजीत रायज़ादा का जन्म 17 सितंबर 1947 को उत्तर प्रदेश के सीतापुर में हुआ। उन्होंने स…

View profile & all 30 Poems / Stories