इधर काफ़ी टूरिज़्म आ गया है और गाँव के अंदर तक फैल गया है
फल सब्ज़ियों के रेट अच्छे हो गए हैं
जड़ी-बूटियों के बाद अब फूल भी बिक रहे हैं
आगे और भी काफ़ी कुछ बिकने के आसार हैं
रोहतांग के बाद अब बिजली महादेव से कूड़ा साफ़ किया जा रहा है
महँगे सन ग्लास पहने मै'म साबों की निगरानी में
पेड़ उगाए जा रहे हैं
झुग्गियों में रहने वाले सभी बच्चों और औरतों के नाम काग़ज़ों में दर्ज हो गए हैं
लुप्त होता लोक सहेजा जा रहा है
नष्ट होता पर्यावरण बचाया जा रहा है
मुद्दे ही मुद्दे हैं और एन.जी.ओ. ही एन.जी.ओ. हैं
कल्चर का उत्थान हो रहा है
मांसाहारी देवी-देवता वैष्णव हो रहे हैं
बकरों के सिर नारियल हो रहे हैं
गूर और कारदार
वेद पढ़ रहे हैं संस्कृत हो रहे हैं
बोली का लहज़ा सपाट हो रहा है
मेला जो एक हफ़्ता चलता था अब महीनों चलता रहता है
छोटे-मोटे नए मेले भी शुरू हो रहे हैं
लोकल म्यूज़िक अल्बम और फ़िल्में शूट हो रही हैं
ब्यूटी कॉन्टेस्ट हो रहे हैं, गाँव की लड़कियों को अच्छा एक्स्पोज़र मिल रहा है
पत्रिकाएँ निकल रही हैं, कविताएँ छप रही हैं
नुक्कड़ों पर नाटक खेले जाने लगे हैं
सभाएँ-परिचर्चाएँ हो रही हैं
धरने भी लगने लगे हैं
पान सिगरेट के अड्डों पर पार्टी कार्यालय खुल गए हैं
देवताओं की महासभाएँ बुलाए जा रही हैं
कुछ देवता विकास के विरोध में खड़े हैं
कुछ देवता समर्थन में
जनता चुपचाप देख रही है
जागरण का माहौल है
यह रक्तदान शिविर है
मुसलमान का ख़ून हिंदू में जा रहा है
पंडित के सीने में दलित का कलेजा धड़क रहा है
बचाओ-बचाओ का नारा है
वर्ण-व्यवस्था और राष्ट्र में से पहले किसे बचाना है
समझ नहीं आ रहा है
पुस्तकालय को आकर्षक, हाई टेक, चाक-चौबंद कर दिया गया है
अनाथालय खुल रहे हैं
गौ सदन और वृद्धाश्रम भी कहीं-कहीं
बड़े सस्ते में तीन बिहारी बच्चे ख़रीदे हैं बाल श्रमिक पुनर्वास केंद्र से
दो को ऑरचर्ड भेज रहा हूँ
एक को घरेलू काम सिखाऊँगा
कॉन्वेंट स्कूल से भागे अपने पोते को नशा-मुक्ति केंद्र में दाख़िल करवा आया हूँ
वहाँ के मद्रासी वाॅर्डन ने कहा है
अभी तो इस को नींद की एक गोली दे देता हूँ
पर बता देता हूँ कुछ इंतेज़ाम करवा रखिए
जागने पर समस्या खड़ी करेगा आपका यह लड़का
और मुझे सुनाई दिया
कि बधाई देता हूँ, सब ठीक चल रहा है एक दिन जाग जाएगा आपका यह क़स्बा।








