कविता के बारे मे कुछ कविताएं - अजेय

अजेयअजेय18 Sept 1965

7 min read · 12.4K reads

वक़्त आया है
हम ख़ूब कविताएँ लिखें
कविताओं के बारे में
इतनी कि
कविताएं हमारी जेबों से निकल
बाज़ार मे फैल जाएँ
मूँगफली की रेड़ियों पर
चाय की थड़ियों पर
पनवाड़ी की पेटियों में
माचिस बीड़ी और सुपारी के साथ सजी नज़र आएँ

कि कविताएँ
सरपट दौड़ती गाड़ियों मे से कूद कर
चौक पर खड़ी हो जाएँ
चिलचिलाती धूप मे
तमाम राहगीरों को
अपनी-अपनी लेन पर चलने के निर्देश दें
कि कविताएँ
पुस्तकालयों की अलमारियाँ तोड़ भागतीं धूल झाड़तीं
गलियों, नुक्कड़ों, अड्डों और ढाबों में
घूमती बतियाती नज़र आएँ - कि हम ज़िन्दा हैं
ज़िन्दा रहना चाहतीं हैं
इंसानों की तरह इंसानों के बीच

कि कविताओं के बंडल
अख़बारों की तरह पहुँचे स्टालों पर
एक सनसनीखेज़ ख़बर
या नौकरी के किसी विज्ञापन की तरह
और टूट पड़ें नौज़वानों के झुंड उन पर

कि चुनावी पर्चों की जगह बँटें कविताएँ ही
चिपक जाएँ कस्बों की दीवारों पर
गाँव की किवाड़ों पर
और उड़ें कागज़ के जहाज़ बन कर
हवा और बारिश में
संवेदना की महक बिखेरें

वक़्त आया है
कि हम खूब कविताएँ लिखें
ज़िन्दगी के बारे में
इतनी कि
कविताओं के हाथ थाम कर
ज़िन्दगी की झंझटों में कूद सकें
जीना आसान बने
और कविताओं के लिए भी बची रहे
थोड़ी सी जगह
उस आसान जीवन में !


2003
अजेय
About the poet

अजेय

View profile & all 111 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय