जी सकते थे झूम झूम - अजेय

अजेयअजेय18 Sept 1965

8 min read · 12.4K reads

चिड़िया चहकी मुर्गा बोला और क्षितिज ने रंग बिखेरे  !

लम्बी चादर तान के जाने कितनी सुबहें खो बैठे
कल क्या होगा इस शंका मे कितना जीवन भूल गए हम
दिन भर सुविधाओं के भ्रम मे दुख के चुनते शूल गए हम

कितनी शामें टाल गए जो जी सकते थे झूम झूम हम
कितनी नदियाँ चूक गए जो पी सकते थे घूँट घूँट हम
क्या बादल थे कैसी बिजली भीनी मिट्टी मस्त हवाएं !

छाता ले कर बैठ रहे सब उकड़ूँ हो कर जिसम समेटे
धो सकती थी दर्द ज़खम सब बारिश ऐसी थी वो झमाझम
भीग ही जाते खूब पसर कर धूप लगी जब नरम मुलायम

हो सकता था जीना उस पल नाहक भटके घूम घूम हम
कितनी नदियाँ चूक गए जो पी सकते थे घूँट घूँट हम

दूर किनारे नज़र टिका कर लहरों पे हम बहते जाते  !

मिला नहीं उस पार मसीहा अच्छे थे मझधार ही यारो
कितने रंग थे कितनी यादें कितनी ध्वनियाँ कितने मौसम
शीतल जल था गरम रेत थी मूँगा मोती कुछ भी नहीं कम

कितने सागर तैरे जिन मे खो सकते थे डूब डूब हम
कितनी नदियाँ चूक गए जो पी सकते थे घूँट घूँट हम


पत्थर जंगल माल मवेशी हरसू बजते ढोल नगाड़े !

अच्छा खासा जोत रहे थे इस जीवन की मुश्किल खेती
इसी ज़मीं को खोद सुखों के बो सकते थे बीज यहीं हम
कहीं पे खिलते फूल खुशी के हो सकते थे कहीं कहीं गम
रो सकते थे गा सकते थे सो सकते थे यहीं कहीं हम
टूटे दिल और फटी बिवाई सी सकते थे चूम चूम हम
कितनी शामें टाल गए जो जी सकते थे झूम झूम हम

कितनी नदियाँ चूक गए जो पी सकते थे घूँट घूँट हम
27 दिसंबर 2011
अजेय
About the poet

अजेय

View profile & all 111 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

ये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्यतालाब-1मैं क्षिति तल परतुम्हारे सुख-दुख का— ब्रजरतन जोशी