इन सलोनों की भाषा सीख लो - अजेय

अजेयअजेय18 Sept 1965

4 min read · 12.4K reads


खिड़की के शीशों से बरफ़ की परतें खुरचते हुए
दूर तूफान में कुछ सफ़ेद लोथों की तरह
हिलते देखा था उन्हें
उलझे हुए गुत्थम-गुत्था

यह प्रणय हो सकता है
या फिर आखेट !

कभी कुछ छोटे-बड़े
पंजों के निशान दिख जाते हैं
उलझे हुए
हड़प्पा की जटिल लिपियों जैसे......
कहते हैं बड़ा कुछ दर्ज़ रहता है बरफ़ की सतह पर
बशर्ते कि आप को पढ़ना आता हो
यहाँ इन्ही आदिम भालुओं का साम्राज्य है
जो परम ज्ञानी हैं
भूख लगने पर भोजन तलाशते
थक जाने पर सो जाते
ये सलोने पढ़ाकू जीव ही बता सकते हैं, तुम्हे
इस धरती के बरफ़ हो जाने का इतिहास

फॉसिल की तरह ज़िन्दा बचा होगा
अतल गहराईयों में जो
बस, तुम इनकी भाषा सीख लो।

सुमनम, मार्च 2005
अजेय
About the poet

अजेय

View profile & all 111 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like