कबिरा तेरी चादरिया - अजय पाठक

Ajay Pathakअजय पाठक14 Jan 1960

4 min read · 12.4K reads

कबिरा तेरी चादरिया का, जर्जर ताना बाना देखा।
मंदिर की हठधर्मी देखी, मस्जिद का ढह जाना देखा।

अलगू के हाथों में लाठी, जुम्मन की आँखों में शोले।
मज़हब के हाथों से, पावन रिश्तों का मर जाना देखा।

स्वारथ और सियासत चढ़कर सब के सिर पर बोल रही।
और लहू का धार-धार हो पानी-सा बह जाना देखा।

आदर्शों की हत्या करते, विश्वासी प्रतिमान दिखे।
मुंसिफ़ का मुल्ज़िम के घर तक, अक्सर आना जाना देखा।

सजी दुकानें ज्ञान-ध्यान की मठाधीश भौतिकवादी
अवतारी पुरुषों का, निरथक बातों से शरमाना देखा।

शील हरण से व्यथित द्रौपदी फूट-फूट कर रोती है।
पापी दुर्योधन के सम्मुख, अर्जुन का डर जाना देखा।
Ajay Pathak
About the poet

Ajay Pathak अजय पाठक

जन्म- 14 जनवरी 1960, बलिया (उ.प्र.) शिक्षा- विज्ञान, पत्रकारिता एवं जनसंचार विषयों में स्नातक। प्राणी शास्त्र, भारतीय मध्यकालीन इतिहास, हिंदी साहित्य, समाज शास्त्र, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं पुरातत्व विषयों में स्नातकोत्तर। मुग़ल कालीन भारत की शिक्षा प्रणाली,…

View profile & all 19 Poems / Stories