ग़ायब हो गए बाज़ार से सादे बटन
सूत के निवाड़ लगभग समाप्त हैं
चोटियाँ क्या ग़ायब हुईं
कि परांदे भी निकल गए ख़रामा-ख़रामा
पीतल पीछे खिसक गया धीरे-धीरे
धुएँ वाले इंजन खड़े रह गए
और धुआँ विलीन हो गया बादलों में
रेज़गारी की बदल गई शक्ल
ख़त्म हो गए अनगिन रोज़गार
मगर सबसे बुरी ख़बर अब भी बाक़ी है
बहुत जल्द हमारी ज़िंदगी से
ख़त्म होने वाला है अफ़सोस।








