स्मृति लोप - अग्निशेखर

Agnishekharअग्निशेखर3 May 1955

4 min read · 12.4K reads

तरह-तरह से आ रही थी मृत्यु
ख़त्म हो रही थीं चीज़ें
गायब हो रही थीं स्मृतियाँ

पेड़ों से झर रहे थे नदी में पत्ते
और हम धो रहे थे हाथ

मरते जा रहे थे हमारे पूर्वज
दूषित हो रही थीं भाषाएँ
हमारे सम्वाद
प्रतिरोध
उतर चुके थे जैसे दिमाग़ से

हम डूब रहे थे
तुच्छताओं की चमक मे
उठ रहे थे विश्वास
जो ले आए थे हमें यहाँ तक

बची नहीं थी जिज्ञासा
निर्वासित थीं सम्वेदनाएँ
नए शब्द हो रहे थे ईजाद
अर्थ नहीं थे उनमें
ध्वनियाँ नहीं थीं
रस, गंध, रूप नहीं था
स्पर्श नहीं था
इन्हीं से गढ़ना था हमें
नया संसार

एक तरफ़ घोषित किए ज रहे थे
कई-कई अन्त
दूसरी तरफ़
हम थे कुछ बचे हुए ज़िद्दी
और भावुक लोग
कुछ और भी थे हमारे जैसे
यहाँ-वहाँ इस भूगोल पर
करते अवहेलनाएँ
लगातार।
Agnishekhar
About the poet

Agnishekhar अग्निशेखर

अग्निशेखर हिन्दी लेखक एवं साहित्यकार हैं।वो मूल रूप से कश्मीर के हैं। उनका कविता संग्रह जवाहर टनल काफी प्रसिद्ध हुआ। इस पुस्तक को वर्ष २०१२ में जम्मू सरकार द्वारा सर्वश्रेष्ठ पुस्तक के रूप में चुना गया था। हालांकि उन्होंने बाद में यह पुरस्कार लेने से मना कर द…

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like