कविता-पाठ

Adnan Kafeel Darveshअदनान कफ़ील दरवेश

3 min read · 12.7K reads

 

एक

मैं चाहता हूँ जब काव्य-पाठ के लिए मंच पर बुलाया जाऊँ
तो अपनी उन कविताओं को सुनाऊँ जिन्हें बरसों से लिख रहा हूँ
और जोशायद अब तक शर्मिंदगी की हद तक अधूरी हैं

मैं चाहता हूँ जब मैं कविता पढ़ूँ कोई बीच में उठे और मुझे टोक दे कि क्या बकवास पढ़ रहा हूँ जिसका न कोई ओर है और न कोई छोर

मैं चाहता हूँ जब मैं कविता के सबसे कारुणिक प्रसंग वाली पंक्तियाँ पढ़ूँ तो किसी की पेट में गुदगुदी पड़ जाए और वह हँसता हुआ दोहरा हो जाए
और जब हास्यास्पद प्रसंग बयान करती पंक्तियाँ पढ़ूँ तो कोई सभा में दहाड़े मार रोना शुरू कर दे

मैं चाहता हूँ जब मैं कविता पढ़ूँ तो कोई श्रोता पंक्ति से उठकर मेरी खिल्ली उड़ाए

मैं चाहता हूँ उन अधूरी कविताओं पर, जो शर्मिंदगी की हद तक अधूरी हैं, किसी के होंठ कुछ कहने को हिलें लेकिन कोई शब्द न निकले
बल्कि विचलन में वह अपनी कुर्सी से उठे और काव्य-पाठ के दौरान ही सभा छोड़ कर बाहर चला जाए।

दो

मैं चाहता हूँ जब कविता पाठ के लिए मंच पर जाऊँ
तो कोई हास्यास्पद मुद्रा न अख़्तियार करते हुए
बिना किसी ग़ैरज़रूरी भूमिका के सीधे कविता शुरू कर दूँ

मैं चाहता हूँ कविता में आई चीटियाँ मेरे माथे पर रेंगती हुई मेरे बालों के झंखाड़ में घुस जाएँ
और हरे टिड्डे मेरे कंधों पर मुन्किर-नकीर की जगह तैनात हो जाएँ

मैं चाहता हूँ जब मैं कविता पढ़ूँ तो कविता में आया चाँद मेरे चेहरे की तरह पीला पड़ जाए
और रात मेरी आँखों की तरह सूनी और काली पड़ जाए

मैं चाहता हूँ जब मैं कविता पढ़ूँ तो कविता में बजती राइफ़ल की आवाज़
सभा में आतंक पैदा कर दे
और कविता में आई घास
सभा की ज़मीन पर
दरी-सी बिछ कर श्रोताओं के तलुवों में चुभ जाए

मैं चाहता हूँ कविता में आई रेत
श्रोताओं की आँखों में भर कर किरकिराए
और दृश्य को कई बार पोंछ कर साफ़ कर दे

मैं चाहता हूँ कविता में आया लहू मेरी आँखों से टपक कर
मुझे अंधा कर दे
और फिर कोई श्रोता अफना कर उठे
और मेरी जगह
अपनी आवाज़, अपने शब्दों में कविता पूरी करे।

Adnan Kafeel Darvesh
About the poet

Adnan Kafeel Darvesh अदनान कफ़ील दरवेश

नाम: अदनान कफ़ील ‘दरवेश‘ जन्म: 30 जुलाई 1994 जन्म स्थान: ग्राम/ पोस्ट- गड़वार, ज़िला- बलिया, उत्तर प्रदेश शिक्षा: दिल्ली विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस आनर्स में स्नातक सृजन: छिटपुट प्रकाशन अदनान कफ़ील अय्यूबी दरवेश महज 21 वर्ष की उम्र के हैं लेकिन उनकी कविताओं…

View profile & all 11 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like