सामर्थ्य

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

संसार उतना ही

जितना मैं चलकर

अपने पग से नाप सकूँ

प्रेम उतना ही

जितना मेरी हृदय से जुड़ी

धमनियों और शिराओं में बहता हो

आसक्ति उतनी ही

जितनी सम्प्रेषित की जा सके

शब्दों में

स्मृतियाँ उतनी ही

जितनी मैं वर्तमान

पर लाद न सकूँ

विरह उतना ही

जिसकी वेदना का द्रव्यमान

वहन कर पाने का साहस हो

अपेक्षाएँ उतनी ही

जितनी परिमिति है

यथार्थ की

जीवन उतना ही

जितना अंजलियों में

समेटा जा सके

मृत्यु उतनी ही

जितनी हर एक

निष्प्राण वस्तु

में विद्यमान है।

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like