अभी जो कुछ हुआ नहीं है
वह घट रहा है कल्पनाओं में
जो होते-होते रह गया
जिसे हो जाना चाहिए था
या नहीं होना था इस तरह
जैसे हो चुका है
कल्पनाओं के आसमान में
उड़ानें छोटी नहीं पड़ती
कहीं न कहीं सब छोड़ देते हैं ज़मीन
चाहता है आदम पैरों से आज़ादी
चलकर पहुँचने का धैर्य नहीं फूटता
कल्पनाओं के बीज से
जितनी भी ट्रेनें छूटीं
कल्पनाओं ने उन्हें पकड़ लिया
जितनी जगहों से तोड़ना पड़ा डेरा
कल्पनाएँ लौटती रहीं बार-बार
उन जगहों के चक्कर काटने
जिन्हें नहीं दे पाया प्रेम
कल्पनाओं में लुटाता रहा प्रेम उन पर
जो असमय विलीन हो गए
जीवन की नीरवता में
कल्पनाएँ उनसे पूछती रहीं
यथार्थ के यक्ष प्रश्न
जिनसे कुशल-क्षेम नहीं पूछ पाया
कल्पनाएँ लिखती रहीं उन्हें चिट्ठियाँ
जिन पर उधार रहा कुछ न कुछ
कल्पनाएँ जोड़ती रहीं सिक्के दायित्व के
चुका सकने को ब्याज की रक़म
कल्पनाओं में सदैव अजेय की तरह जिया
एक नायक जो एक ही युद्ध में कई बार मर जाता है
पुनश्च उठता है किसी और युद्ध में और लौट आता है
अपनी युयुत्सु उत्प्रेक्षाओं के पास
कल्पनाओं ने न होने का समय भी देखा
अपने होने और न होने की संभावनाओं को लाँघते हुए
पीछे और आगे की क़तारबद्ध सदियाँ देखीं
संभावनाओं को नहीं जाना पड़ता कहीं
बनी रहतीं हैं जस की तस
समय की सड़क पर
ट्रैफ़िक सिग्नलों की तरह
जो है वह नहीं रहेगा
कल्पनाओं के कथेतर में
जो नहीं है वह उपजता रहेगा
आती हुई नस्लों के साथ
जाती हुई नस्लों के साथ
कल्पनाएँ ढूँढ़ लेंगी अपनी जीविका।








