इसी भाषा का अंतिम

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

तुमसे जिस भाषा में प्रेम किया

वह भाषा सीखनी नहीं पड़ी थी मुझे

इसी के गर्भ से जन्म लिया था

तौर-तरीक़े, जी-हुज़ूरी, कानाफूसी और काम-धँधा भी इसी भाषा ने सिखाया

इसी भाषा के पैठ से तर था जीवन का व्याकरण

लेकिन नहीं जानता था कि

इसी भाषा में बिछड़ने की भी क्रियाएँ थीं

तड़प के भी शब्द थे

फिर भी इसी भाषा ने सहूलियत दी

रहने दिया मुझे दुःख की ओर—समझने के लिए दुःख का अनुतान

और समय रहते खींच लिया बने रहने के संघर्ष में

दूसरी भाषाओं को देखता हूँ तो

सोच में पड़ जाता हूँ कि

उनमें कैसे कर पाऊँगा अपने जीवन का अनुवाद—

एक भाषा में बने रहने का संघर्ष ही इतना बड़ा है कि

दूसरी भाषा को सीखने का समय ही नहीं मिल पाता

अंततः इसी भाषा के आघात से कोई क्रिया चुनूँगा और

चल पड़ूँगा देहलोक की भौतिकता से बाहर

फिर भी जाने की भाषा वही रहेगी

कोई तो शब्द होगा इसी भाषा का—

अंतिम की तरह दिखता हुआ

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like