इस बेहद सँकरे समय में - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

9 min read · 12.4K reads

वहाँ रास्ते ख़त्म हो रहे थे और
हमारे पास बचे हुए थे कुछ शब्द
एक फल काटने वाला चाकू
घिसी हुई चप्पलें
कुछ दोस्त

हमारे सिर पर आसमान था
और हमारे पाँवों को ज़मीन की आदत थी
और हमारी आँखें रोशनी में भी
ढूँढ़ लेती थीं धुँधलापन

हम अपने समय में ज़रूरी नहीं थे
यही कहा जाता था
गोकि हम धूल या पुराने अख़बार
या बासी फूल या संतरे के छिलके
या इस्तेमाल के बाद टूटे हुए
क़लम भी नहीं थे,
हम थे
और हम बस होने की हद तक थे

सड़क पर कंकरीट की तरह
हम ख़ुद से चिपके हुए थे
हम घरों में थे
हम सड़कों पर थे
हम स्कूलों में और दफ़्तरों में थे
हम हर जगह थे
और ज़मीन धँस रही थी
और नदियाँ सूख रही थीं
और मौसम बेतरह सर्द हो रहा था
और हम रास्तों के पास
ज़मीन के उस ओर चले जाना चाहते थे
हम मुक्त होना चाहते थे
और मुक्ति की कोई
युक्ति नहीं थी
अब तो धूप भी नहीं थी
पेड़ भी नहीं थे
पक्षी और बादल भी नहीं
आकाश और ज़मीन
और इनके बीच हम

हम अपने ही समय में थे
या किसी और समय में ?
दोस्तों के कंधे उधार लेकर
हम तनने का अभिनय क्यों करते थे ?

समय नर्म दूब की तरह
नहीं उग आया था हमारे गिर्द

हम फूल की तरह नहीं थे
इस धरती पर
हम पत्थरों की तरह
किन्ही पर्वतों से टूटकर नहीं आए थे
हमने सूरज की तरह तय की थीं
कई आकाशगंगाएँ

सितारे टूटकर गिरते
और हम अपने कंधे से धूल झाड़ते
चाँद की ओर पीठ किए बढ़ रहे थे

हमारी आँखों में
चमक रहे थे सूरज
और पैरों में दर्ज़ होने लगे थे
कुछ गुमनाम नदियों के रास्ते
ख़ुद के होने की बेचैनी
और रास्तों की तरह बिछने का हौसला भी था ।

सभ्यता की शिलाओं पर
बहती नदी की लकीरों की तरह
हम तलाश रहे थे रास्ते
एक बेहद सँकरे समय में !
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like