मेरे लिए बहुत सुंदर
सुकून से भरा
दूर तक
पानी और आसमान के
मिलन को देखना है।
गहराई और ऊँचाई का
मिलन
अद्भुत होता है।
उधर
तट पर बैठी
बुढ़िया
देखती है संसार
अपनी टोकरी में रखे सामान की नज़र से
खनखनाते जीवन में
ऊँचाई और गहराई के
मिलन में
उसे कुछ नहीं दिखता
बस सुनाई देती है
झोले की जेब में रखे
सिक्कों में
जीवन की आवाज़।








