समकालीन कवियों से

आग्नेयआग्नेय24 Jan 1935 – 26 Aug 2023

1 min read · 12.4K reads

समकालीन समय के

समकालीन कवियों के संसार से

बीट्रिस अनुपस्थित है

वे किसी

आदर्श प्रेमिका के प्रति

प्रेमासक्त नहीं है

उनके संसार में

यथार्थ स्त्रियाँ

अपनी मोहक छवियों के साथ

उनकी कविताओं में

अवतरित है

मैं सोचता हूँ

जो उनकी तरह एक समकालीन कवि हैं

बिना बीट्रिस के

कितना अपूर्ण है मेरा संसार

मेरी कविता में

न तो उन्माद है न आसक्ति है

प्रेमातुर से अधिक कामातुर हूँ

न जाने कितनी बीट्रिसों की खंडित प्रतिमाएँ

फेंकी जा चुकी हैं

मेरी कविता के नर्क में

मुझे अफ़सोस है—

मैं एक समकालीन बुद्धिमान कवि हूँ।

आग्नेय
About the poet

आग्नेय

हिंदी के समादृत कवि-लेखक। बतौर अनुवादक भी चर्चित। ‘सदानीरा’ पत्रिका के संस्थापक-संपादक। मूल नाम : आग्नेय जन्म : 24/01/1935 | सागर, मध्य प्रदेश निधन : 26/08/2023 | गुरुग्राम, हरियाणा

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like