अब बुज़ुर्गों के फ़साने नहीं अच्छे लगते - उर्मिलेश

उर्मिलेशउर्मिलेश6 Sept 1951 – 16 Sept 2005

3 min read · 12.4K reads

अब बुज़ुर्गों के फ़साने नहीं अच्छे लगते
मेरे बच्चों को ये ताने नहीं अच्छे लगते

बेटियाँ जब से बड़ी होने लगी हैं मेरी,
मुझको इस दौर के गाने नहीं अच्छे लगते

उम्र कम दिखने के नुस्खे तो कई हैं लेकिन,
आइनों को ये बहाने नहीं अच्छे लगते

उसको तालीम मिली डैड- ममी के युग में,
उसको माँ बाप पुराने अच्छे नहीं लगते

अब वो मँहगाई को फैशन की तरह लेता है,
अब उसे सस्ते ज़माने नहीं अच्छे लगते

अपने ही शोर में डूबा हुआ हूँ मैं इतना
अब मुझे मीठे तराने नहीं अच्छे लगते

दोस्तों,तुमने जो अख़लाक़ मुझे बख़्शा है
अब मुझे दोस्त बनाने नहीं अच्छे लगते
उर्मिलेश
About the poet

उर्मिलेश

View profile & all 49 Poems / Stories