राग-अनुराग

उपासना झाउपासना झा

1 min read · 12.4K reads

क्या लगा रे होंठ के नीचे

कैसा अबोला

ओ सहेला!

बोल ना

क्या रुका है जीभ तक आकर

बात पूरी खोल दे

ज़रा-सी ही बोल दे

क्या थमा है आँख में ऐसा

आँसू पीता

सुन ओ मीता!

बोल न

क्या गिरा है गाल पर बहकर

झालरों से मत छिपा

चल बता, है बात क्या

क्या फँसा है कंठ में रुककर

इतना भीषण

सुन ओ प्रीतम

कह भी दे

क्या जमा हो गया है हृदय भर

आ ज़रा, दूँ सब हटा

आ चलें सब दें मिटा

क्या उलझकर रह गया है केश में

ओ मतंगी

मेरे संगी

आ ना इधर

खोल दूँ मैं गाँठ सब, सब गिरह

माथा सहला दूँ, भुला दूँ

चूम लूँ मैं नाक की लौ...

उपासना झा
About the poet

उपासना झा

नई पीढ़ी की सुपरिचित कवयित्री।

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like