मासूम दुपट्टा - उमेश पंत

उमेश पंतउमेश पंत20 Sept 1988

4 min read · 12.4K reads

हवा का वो मासूम दुपट्टा
उड़ता हुआ चुपचाप चला आता है

उस दिन छत पर तुम थी मैं था
और तभी उड़कर आया था एक दुपट्टा
ओढ़ा था उसे हम दोनों ने
और ठंडी-सी वो लहर देह से लिपट गई थी ।
बहुत देर तक दूर-दूर चुपचाप खड़े थे हम दोनों
और दुपट्टा बहुत देर तक बोल रहा था ।

उस दिन पेड़ की शाख़ों और पत्तियों ने
शायद उससे एक बात कही थी
मैं उस दिन भी रोज़ की तरह तुम्हें देखता
अपने दिल के कोनों से कुछ बोल रहा था
सुन न सका वो बात
तुम्हें अगर कुछ याद आए
एक गाँठ में उसको बाँध के इक दिन रख देना

मुझे यक़ीं है मेरे सिवा
उस गाँठ को कोई नहीं खोलेगा
शायद फिर से वही दुपट्टा लौट के मुझ तक आ जाए
शायद उस दिन हम दोनों के बीच की गिरहें खुल जाएँ
हवा का वो मासूम दुपट्टा
उड़ता हुआ चुपचाप चला आता है ।
उमेश पंत
About the poet

उमेश पंत

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like