एक मुश्किल दौर में - उमाशंकर तिवारी

उमाशंकर तिवारीउमाशंकर तिवारी

3 min read · 12.4K reads

चैन उडा़ती रातें आईं
धूल उडा़ते दिन आए हैं।
सीधी राह गुज़रना मुश्किल
ऐसे दौर कठिन आए हैं।
सुख की नींद हमें भी मिलती
जो ख़ुद हम नादान न होते
काश, छ्तों को आँखें होतीं,
दीवारों के कान न होते
फिर भी पूरब की खिड़की से
क्या उजियारे बिन आए हैं?

बेमानी हैं नाते-रिश्ते
पास-पड़ोस असलहों वाले
आँखें जख़्मी, सपने घायल
और जबानों पर हैं ताले
घर के लोग सयाने कितने
हम उँगली पर गिन आए हैं।

हम ऐसे राजा के बेटे
जिनके लिए मॄगदाव लिखा है
एक अदद लम्बा निर्वासन
कुनबे का बिखराव लिखा है
फिर भी बन-बन भटकाने को
जब-तब हेम हिरन आए हैं।
उमाशंकर तिवारी
About the poet

उमाशंकर तिवारी

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like