कल्पना की थी मैंने सखी की—
कि होगी वह प्रथम कविता के उदय-सी।
अनजान कहीं से आकर यकायक
हृदय में ऊर्मिमाला, मधुर लय और मंजुल रव की
रचना कर जाती,
और जाने पर भी
हृदय में चिर आनंद की मदिरा छोड़ जाती।
कामना की थी मैंने सखी की
इन्द्रधनु से झुलती हुई
अनदेखी-सी मीठी अद्भुत रंगों की लट-सी
प्रतिबिंबित जो हृदय में, अंकित होती थी अणु-अणु में,
दिन भर आत्मा में स्फुरित होती
मानों स्वप्न की सौरभ।
वांछा की थी मैंने सखी की—
स्वयंभू भावों के निलय के समान कोमलतम,
रसलीला की विरल प्रतिमा के रूप में।
न सँजोए सपनों के पुष्पदलों से रचित सम्पुट जैसी,
चित्त में तडित् बनकर
विश्व में मर्दानगी में करती प्रेरित।
जब मिली तब जाना :
मुझ-सी ही हो मानवी,
नहीं पूर्ण भी।
किंतु कल्पना से भी मधुरतर है हृदय की रचना।








