अधूरी नज़्म होती है - नज़्म

उमैननुज़ ज़हरा सय्यदउमैननुज़ ज़हरा सय्यद

1 min read · 12.4K reads

कहाँ तुम जान पाओगे

कि इस तपते हुए सहरा में नंगे पाँव चलने की

अज़िय्यत किस को कहते हैं

कई दिन प्यास की छागल लिए

जब रेत होना हो

तो होंटों की दहकती आरज़ू को मापने का कोई पैमाना

जहाँ में बन नहीं पाया

तो क्या वो दर्द सुन पाओगे

जिस को

आज तक कोई

यहाँ चीख़ा नहीं खुल कर

कहाँ वो कर्ब जानोगे

जवाँ-साली में अपना

जब कोई रुख़्सत किया जाए

तो दिल पर क्या गुज़रती है

हमारी ज़िंदगी क़ब्रों पे जा कर बैठ जाती है

कहा ये आम जाता है

कि वक़्त हर ज़ख़्म का मरहम है

लेकिन

कुछ कचोके वक़्त से ज़ाइल नहीं होते

हमेशा ताज़ा रहते हैं

मुकम्मल हो नहीं पाती हमारी पारा-पारा ज़ात

अधूरी नज़्म होती है

उमैननुज़ ज़हरा सय्यद
About the poet

उमैननुज़ ज़हरा सय्यद

View profile & all 60 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like