उवाच - उमा शंकर सिंह परमार

उमा शंकर सिंह परमारउमा शंकर सिंह परमार29 Sept 1978

5 min read · 12.4K reads

सुन लेते हैं
आपकी लफ़्फ़ाज़ी
ये मत समझिए
हम ताल्लुक़ात रखतें हैं
आपकी बातों से

सम्भव है
मुझे मेरी सीमाओं का
जर्जर चित्र
दिखाया जाए
कराया जाए मुझे
प्रजा होने का अहसास
लोकतन्त्र की गगनचुम्बी
चोटी पर बैठे होने का
मतिभ्रम

मैं ज़रा भी विचलित नहीं
मैं जानता हूँ
वोट देने के बाद
बन्द हो जाते हैं
हमारे सपने ई०वी०एम० में
क़ैद हो जातीं हैं कल्पनाएँ
सत्ता के तहख़ाने में
 
सी०बी०आई०, सी०आई०डी०
पुलिस और अदालत
के कड़े पहरे मे
कसमसाती रहती है क़लम
वोट देने के बाद
 
जिसे आप सीमा कह रहें हैं
दरअसल मेरी अपनी नहीं हैं
वो भूले हुए
इतिहास की
क्षणिक स्मृतियाँ हैं
ज़िन्दा हैं तब तक
जब तक है प्रजा होने का अहसास

बदल जाएगी दुनिया
जिस क्षण हमें
हो जाएगा
जनता होने का अहसास
उमा शंकर सिंह परमार
About the poet

उमा शंकर सिंह परमार

View profile & all 36 Poems / Stories