और इस तरह यह समय

उमा शंकर चौधरीउमा शंकर चौधरी

1 min read · 12.4K reads

हम रह रहे हैं एक ख़तरनाक समय में

इस एक वाक्य को मैं लिखता हूँ जितनी बार

यह वाक्य होता जाता है उतनी बार और भी ख़तरनाक

और मैं हो जाता हूँ उतनी ही बार

और भी सशंकित

और इस समय के पैबंद को दुरुस्त करने

बिलों से निकलने लगते हैं ढेर सारे बुलबुले

प्रधानमंत्री अपने प्रशंसकों के बीच

बजाते हैं बाँसुरी

लेकिन इस ख़तरनाक समय में नहीं निकलती है

उससे कोई मधुर आवाज़

प्रधानमंत्री इस ख़तरनाक समय पर करने लगते हैं चिंता

और यह समय होता जाता है और भी ख़तरनाक

मैं जितनी बार लिखता हूँ यह वाक्य

उतनी बार भीड़ में कर लिया जाता हूँ चिन्हित

उतनी बार मेरी तरफ़ बढ़ने लगते हैं हाथ

उतनी बार पेड़ से झड़ जाते हैं ढेर सारे पत्ते

मैं लिखता हूँ समय को ख़तरनाक

और लोगों की भीड़ पीटने लगती है मेरा दरवाज़ा

माँ की गोद में दुबक जाती है तीन साल की मेरी बेटी

भाप बनकर उड़ने लगती है कच्चे पत्तों पर

सुबह-सुबह गिरी हुईं ओस की बूँदें

मेरे सामने खड़ा हो जाता है

सरकार का एक नुमाइंदा, एक वरिष्ठ मंत्री और एक दिन

ख़ुद इस देश का प्रधानमंत्री

मुझसे पूछा जाता है मेरा नाम

मेरा रंग, मेरी पहचान

मेरी भाषा, मेरी आत्मा और मेरा उसूल

और इस तरह यह समय

मेरे लिखने न लिखने से परे और भी हो जाता है ख़तरनाक।

उमा शंकर चौधरी
About the poet

उमा शंकर चौधरी

इस सदी में सामने आए हिंदी कवि-कथाकार। भारतीय ज्ञानपीठ के नवलेखन और साहित्य अकादेमी के युवा पुरस्कार से सम्मानित। जन्म : 01/03/1978 | खगड़िया, बिहार उमा शंकर चौधरी का जन्म 1 मार्च 1978 को खगड़िया, बिहार में हुआ। वह इस सदी में सामने आए हिंदी कवि-कथाकार हैं। उनके…

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like