पीढ़ियों के दरमियान - उज्ज्वल भट्टाचार्य

उज्ज्वल भट्टाचार्यउज्ज्वल भट्टाचार्य

3 min read · 12.4K reads

अपनी उम्र की घमंड के साथ
बच्चों से कहता हूं :
जानते हो, कितने सालों का तजुर्बा है
मेरी बेवकूफ़ियों का
ये बाल धूप में नहीं पके हैं,
यह कुर्सी
तुम्हारे लिये नहीं,
मेरे लिये बनी है.
कुर्सी में धंसा हुआ मेरा चेहरा –
उसे देखो –
कुछ सीखो –
तुम्हारा भी वक़्त आएगा,
लेकिन अभी नहीं

बच्चे खड़े-खड़े मुझे देखते रहे,
मुझे देखते रहे
और मुस्कराते रहे,
फिर वो निकल पड़े
बाहर की ओर

अब मैं अकेला हूं,
कुर्सी में धंसा हुआ

बेहद अकेला
उज्ज्वल भट्टाचार्य
About the poet

उज्ज्वल भट्टाचार्य

View profile & all 49 Poems / Stories