अर्ज़ी

उदय प्रकाशउदय प्रकाश1 Sept 1951

1 min read · 12.4K reads

शक़ की कोई वजह नहीं है

मैं तो यों ही आपके शहर से गुज़रता

उन्नीसवीं सदी के उपन्यास का कोई पात्र हूँ

मेरी आँखें देखती हैं जिस तरह के दृश्य, बेफ़िक्र रहें

वे इस यथार्थ में नामुमकिन हैं

मेरे शरीर से, ध्यान से सुनें तो

आती है किसी भापगाड़ी के चलने की आवाज़

मैं जिससे कर सकता था प्यार

विशेषज्ञ जानते हैं, वर्षों पहले मेरे बचपन के दिनों में

शिवालिक या मेकल या विंध्य की पहाड़ियों में

अंतिम बार देखी गई थी वह चिड़िया

जिस पेड़ पर बना सकती थी वह घोंसला

विशेषज्ञ जानते हैं, वर्षों पहले अंतिम बार देखा गया था वह पेड़

अब उसके चित्र मिलते हैं पुरा-वानस्पतिक किताबों में

तने के फ़ॉसिल्स संग्रहालयों में

पिछली सदी के बढ़ई मृत्यु के बाद भी

याद करते हैं उसकी उम्दा इमारती लकड़ी

मेरे जैसे लोग दरअसल संग्रहालयों के लायक़ भी नहीं हैं

कोई क्या करेगा आख़िर ऐसी वस्तु रखकर

जो वर्तमान में भी बहुतायत में पाई जाती है

वैसे हमारे जैसों की भी उपयोगिता है ज़माने में

रेत घड़ियों की तरह हम भी

बिल्कुल सही समय बताते थे

हमारा सेल ख़त्म नहीं होता था

पृथ्वी का गुरुत्वाकर्षण हमें चलाता था

हम बहुत कम ख़र्चीले थे

हवा, पानी, बालू आदि से चल जाते थे

अगर कोयला डाल दें हमारे पेट में

तो यक़ीन करें हम अब भी दौड़ सकते हैं।

उदय प्रकाश
About the poet

उदय प्रकाश

View profile & all 58 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like