पापा देखो

तुषार धवलतुषार धवल22 Sept 1973

1 min read · 12.4K reads

पापा देखो वे मीनारें ढह रही हैं

हमने जो देखी थी मेरे बचपन की तुम्हारी बातों में

उजाड़ होकर धूल फाँक रहे हैं वे रास्ते

ग़ायब हो गया है

तुम्हारी बातों का वह देस

और उसके लोग इधर-उधर भाग रहे हैं

हमने उन्हें भर लिया है अपने भीतर

और अब हम भी वही मीनारें हो गए हैं

पापा देखो हम ढह रहे हैं

तुम अब भी कुछ कह रहे हो

दूर आकाश में कहीं देखते हुए

और शांत हो

पूरे विश्वास और आशा से भरे हुए

तुम्हें यकीन है कि मीनारें नहीं ढहती हैं

तुम उसी रास्ते पर बढ़ रहे हो

जो उजड़ कर धूल फाँक रहा है

पापा देखो

मेरी छाती कुचली जा रही है

कोई सिक्कड़ों से खींच रहा है हर तरफ़ से

दिमाग की गुद्दियों को

कहीं कुछ हुआ है

जिसकी ख़बर मुझ तक अभी नहीं पहुँची है

और मैं किसी भयानक अंदेसे में घिर गया हूँ

तुम्हारी उँगली छूट रही है मेरी पकड़ से

यहाँ कैसे आ गया मैं कहाँ हो तुम

यह कौन देस है पापा जिसके बारे में

तुमने नहीं बताया कभी कुछ भी

तुम यहाँ लाए भी नहीं मुझे

फिर चलते-चलते उसी रास्ते की देह

कैसे गल गई

कैसे बदल गया भेस उसका

ये कौन लोग हैं

तुम कहाँ हो

अपने भीतर भरे उस देस के

उन लोगों को टटोलता हूँ

कुरेदता हूँ जगाता हूँ

कोई तो कुछ बोले

बताए मुझे बहलाने के लिए ही

कि सपना है यह

मन पर चलती हुई कोई फ़िल्म है

कोई कह दे तुम्हारे हवाले से

वे मीनारें नहीं गिरती हैं

उन्हें कुछ नहीं होता

वे लोग ख़त्म नहीं होते

मुझे दिलासा दो पापा।

तुषार धवल
About the poet

तुषार धवल

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like