कई दहक हैं
तंग रातों के अँटे हुए कंठ में
लबालब भरी देहों का कारवाँ
आहत खीझ में दरवाज़े पटकता
झरोखे उखाड़ता है
कोई सिरा नहीं मिलता
इस यात्रा में
भोली छाँहों के छल थे
प्यास भर पानी दिखाते कुँओं में
रीझी हुई छलाँग लगवा कर
लापता कर दिए गए आदमी की पहचान
ग़ैर ज़रूरी बताई गई थी
कोई वादा नहीं था भरोसे का
कोई बात बे-वादा नहीं थी
विकल्प के नाम पर
कई जुगनू थे आँखों में
जो सितारे थे
कहीं और ही महफ़ूज़ थे।








