इस यात्रा में

तुषार धवलतुषार धवल22 Sept 1973

1 min read · 12.4K reads

इस दूर तक पसरे बीहड़ में

रह-रह कर मेरी नदी उग आती है

तुमने नहीं देखा होगा

नमी से अघाई हवा का

बरसाती संवाद

बारिश नहीं लाता

उसके अघाएपन में

ऐंठी हुई मिठास होती है

अब तक जो चला हूँ

अपने भीतर ही चला हूँ

मीलों के छाले मेरे तलवों

मेरी जीभ पर भी हैं

मेरी चोटों का हिसाब

तुम्हारी अनगिनत जय कथाओं में जुड़ता होगा

इस यात्रा में लेकिन ये नक़्शे हैं मेरी ख़ातिर

उन गुफाओं तक जहाँ से निकला था मैं

इन छालों पर

मेरी शोध के निशान हैं

धूल हैं तुम्हारी यात्राओं की इनमें

सुख के दिनों में ढहने की

दास्तान है

जब पहुँचूँगा

ख़ुद को लौटा हुआ पाऊँगा

सब कुछ गिरा कर

लौटना किसी पेड़ का

अपने बीज में

पलायन नहीं

यह अजेय साहस है

पतन के विरुद्ध।

तुषार धवल
About the poet

तुषार धवल

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like