एक पहाड़ अकेला

तुषार धवलतुषार धवल22 Sept 1973

2 min read · 12.4K reads

जिसकी गर्दन के पीछे से झाँकता सूरज ढल चुका है

धरती की फटी हथेली से उगा वह कुंद फोड़ा

अब नीला पड़ गया है विष पी कर

कितने अवसाद कितनी सदियों के प्रश्न जी कर

वह खड़ा है अकेला जब सब जा चुके हैं

लौट चुका है प्रश्नाकुल दिन का उजाड़ संन्यासिन रात की कोख में

ओस की दीमक धीरे-धीरे घोल रही है उसकी चट्टानी हड्डियों को

खोपड़ी की कोटर में दो आँखें सपनीली-सी मगर

डूबी हुई हैं स्वप्न में सितारों के पार

एक समझौता दुखों से है

समझौता यह दुख का दुखों से

जीवन की जीवन में आहुति मृत्यु के सनातन यज्ञ में

जीवन तिलक लगाता है मृत्यु के ललाट पर

शुभ लिखता है उसके माथे पर

शोध अथक अस्तित्व का जीवन की मिट रही लकीरों पर

उसे थामे रहता है

ज्ञान अकेला कर चुका है उसे अलग अपनी व्याप्ति में

और विष पी कर वह नीला धूसर शांत है

उसकी तहों में उठ रही लहर अभी अधूरी है

ज्ञान भी ज्ञान नहीं है अभी

अनुभूतियाँ बदलेंगी उसका रूप

सब जा चुके हैं

वह खड़ा है अकेला

धरती की हथेली से उगा कुंद फोड़ा

यह किस दुख का पहाड़ है?

यह किस पहाड़ का दुख है?

उसकी पीठ पर लदा है संसार एक

उल्टे पड़े बासी बरतनों के निरर्थक औचित्य-सा

वही उम्मीदें हैं वही निराशा कुंठा भी वही है

जब चाँद यह आकाश की स्लेट पर उजाला लिख रहा है

वह खोजता है राग जीवन से

उसमें अस्थियाँ हैं विसर्जित पूर्वजों की

उसमें बसती हैं कल्पनाएँ निर्वात अशरीरी

वह बारिश की अँगुलियों से गीत लिखता है हवा में

कराहता है दुःस्वप्नों की नींद में

राग-विराग के बीच दुक्खों का सफर

तापता तराशता है उसे

संघर्षों के संस्मरण में

ज्ञान और सत्य आपस में घुल जाते हैं

गहराती बेला में

गूढ़ हो जाता है

धरती की फटी तलहथी से उगा यह कुंद फोड़ा।

तुषार धवल
About the poet

तुषार धवल

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

ये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्यतालाब-1मैं क्षिति तल परतुम्हारे सुख-दुख का— ब्रजरतन जोशी