एक झुर्री चन्द सफ़ेद बाल और आइसोटोप-5 - तुषार धवल

तुषार धवलतुषार धवल22 Sept 1973

10 min read · 12.4K reads

साबुन से जुड़े ये रंग गाढ़े नहीं होते
बह जाते हैं
पिछली आग की सिर्फ राख़ बाकी है
जो बदनुमा था मुँहलगा था मिटा दिया गया
अब उसे इतिहास का सुनहरा काल कहते हैं कि उसी से वर्तमान सुन्दर लगता है
कुछ बुलबुलों की तलाश है
जो छाप छोड़ सकें
नहीं मिलते
घुल जाते हैं इन साबुनी रंगों में
ख़ुशनसीब हैं देह बदल लेते हैं
इन्हें चालीस की वंचना नहीं मिलती
इन्हें अहं अपना नहीं गढ़ना होता
इन्हें नहीं जीतना होता है ख़ुद को तमाम पराजयों के बाद भी
ये बलिष्ठ भुजाओं पर तावीज़ बने रहते हैं ... साबुन से जुड़े ये रंग.

ढूँढ़ता हूँ एक शब्द
बुलबुले से इस जीवन में जो अपनी छाप छोड़ सके
नहीं मिलता वह शब्द

“हलो ! जी जी ! आशीर्वाद है. धन्यवाद. प्रणाम !”

फोन फेसबुक झूठे हैं
झूठी हैं औपचारिकताएँ
और ये शब्द भी झूठे हैं
जो गढ़ दिए गए हैं किसी के भी इस्तेमाल के लिए कि जैसे बन्दूक बम बारूद या साबुन
और तभी मैं कैनवास के शून्य में शब्द खोजता हूँ जो नहीं मिलता
शब्द
जिसका पास-वर्ड सीधा आत्मा में दर्ज़ हो
नहीं मिलते हैं शब्द नहीं मिलती है वजह होने की और ना ही कविता की
एक गाँव जो टूटा हुआ है बिखरा मेरे हर गाँव-सा
जिसके बाहर लिखा है
क्षय के संकेत
वहाँ ईश्वर धर्म दर्शन जगत कब से पसोपेश में खड़े हैं
कि ठीक वहीं से विघटन शुरू होता है देह ढलान को पैरों की अँगुलियों से रोकती है कि जैसे अड़ता है धर्म जैसे अड़ता है तुम्हारा ईश्वर जैसे अड़ती है कट्टरता
विघटन सिर्फ़ पश्चिम में ही नहीं होता
सूरज के साथ हर जगह है
बाड़ से छूटे मवेशियों की खुरों में होता है उन्माद
दक्षिण !
तुम्हारा पश्चिम तुम्हारे ही खुरों में है
तुम कितने गाँधी मारोगे ?

तुम असम्भव मिथ्या के चालीस पर खड़े हो उस प्रवेश द्वार में घुसने से डरते हुए
एक परिपक्व जीवन के युवा काल की चरम बिन्दु पर
अमरता के खूँटे तुमने भी गाड़ दिए हैं
और अमरता भी वहीं है तुम्हारे बगल में तुम्हारी ही तरह
चालीस के प्रवेश द्वार से कुछ क़दम पहले जिसके आगे लिखा है “क्षय के संकेत”
तुषार धवल
About the poet

तुषार धवल

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय