दो देहों के बीच

तुषार धवलतुषार धवल22 Sept 1973

1 min read · 12.4K reads

इस बीच क्या कुछ नहीं उग आया

दो देहों के बीच

झाड़ झंखाड़ खर पतवार जंगली बेलें नाज़ुक लताएँ

आदिम दीवारों से निकली गुप्त गुफाएँ अँधेरी घाटियों में

भौचक्की दिशाओं में सीढ़ियाँ उभर आईं

कुछ ढूह कुंठाओं के टिके रहे

जीभ पर अब फीके पड़े इन गाढ़े अँधेरों में

ज़हर है सच

पर यही है

कितनी-कितनी कल्पनाएँ हैं

ग़ोता खाती पतंगों की डोर से लटकी हुई

गहन घाटियाँ हैं अंतर की

दो देहों के बीच

इस बीच दो देहों के बीच कितना समय उग आया है

यात्राएँ बदल गईं संदर्भ बदल गए अपने होने के

भोलेपन की शिनाख़्त मुश्किल रही शातिर समय में

जीवन बुलबुलों-सा उगता-फूटता-मिटता रहा

मृत्यु के पार जो भी हुआ

आकलन था

कुछ दिलासाओं का कुछ भय का

कुछ नकेलों का इन पालतू करोड़ों पर

विद्रोह से डरी सत्ताओं का धर्मशास्त्र

दो देहों के बीच नकली सपने भरता रहा

रक्तिम अँधेरों में

कुछ लिपियों के गहरे दंश लगे हैं अचेतन पर

ज़हर है सच

पर यही है

नये असंतोष की बेगानी आब-ओ-हवा में

कुछ भोली और सहज होनी थी कई कल्पनाएँ

दो देहों के बीच उस आदिम माँ ने

सहेज कर रखा था अपने प्रथम डिंब में

एक स्वप्न

इन फीके गाढ़े अँधेरों में फिर

वही स्वप्न चुपचाप उग रहा है

दो देहों के बीच

तुषार धवल
About the poet

तुषार धवल

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like