वे क्या तलाश रहे हैं
इस पृथिवी पर?
न गेहूँ की कच्ची बाली
न चने की घेघरी
न बाजरे का सिट्टा
और न कपास का फूल।
न खरास का आटा
न धुनकी की रुई
न हारे में रखी कढ़ावणी
और न बिलौवणे की छाछ।
न राठी या थारपारकर गाय
न मारवाड़ी या कठियावाड़ी घोड़ा
न वेद की ऋचा
न क़ुरआन की आयत
और न कबीर का उलटबाँसी।
न लीलटाँस, न झरबेरी और न पीलू
न डाब, न ढोकले और न गणगौर।
जाने वे क्या तलाश रहे हैं इस पृथिवी पर
न बच्चे के गाल पर ढुलकता आँसू
न औरत की छाती में धुखता हारा
और न शीत की बारिश में
घोंसले से गिरा बच्चा।
उन्हें मंगल पर जीवन की तलाश है
जीवन में मंगल की नहीं।








