जिन चीज़ों को बच्चे कभी नहीं छूते
वे ख़ुद उनके पास चली आती हैं
शरारतों के बारे में कभी नहीं सोचते
शरारतें ही सोचती रहती हैं बच्चों के बारे में
टूटे हुए गिलास दरअस्ल बच्चों की शरारतों से
टूटे हुए नहीं हैं
न ही साबुन में दिख रहा गोल-गोल छेद कोई सूराख़ ही है
वह छिला हुआ बॉलपेन ख़ुद ही शॉर्पनर में जा घुसा था
ये टूटा हुआ बेड और क़रीने से फटी बेडशीट
खंडित दर्पण या रामायण में सीताजी के चेहरे पर बनी मूँछें
बच्चों की शरारत नहीं, ख़ुद-ब-ख़ुद घटित चमत्कार हैं
चीनी के डिब्बे में नमक या दरवाज़ों पर चिपके टैटू
जो बयान कर रहे हैं शराराती बच्चों की करामात
ऐसा कुछ नहीं है
दरअस्ल, घर के दरवाज़े ही
निकल पड़े होंगे सैर को और
बाज़ार से चिपका लाए होंगे ढेर सारे टैटू
अख़बार तो अख़बार
पुस्तकें भी कितनी शरारती हैं
चली आती हैं रंगों-अक्षरों से दोस्ती करने
पेन, पेंसिलें, दवात या ऐसी ही बाक़ी चीज़ों की तरह
इस घर की दीवारें भी कितनी आवारा हैं।








